मरियम फातिमा ने जीता महिला शतरंज का ख़िताब गया की परी सिन्हा बनी उपविजेता

अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान मे विगत 10 मई से पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित बिहार स्कुल ऑफ़ चेस मे चल रहे बिहार राज्य महिला शतरंज प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। सात चक्रो मे खेली गई इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन सातवें चक्र की समाप्ति के उपरांत 6.5 अंक बनाकर मरियम फातिमा ने विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।अंतिम चक्र में शीर्ष बोर्ड पर मरियम ने पटना की मिन्की सिन्हा को पराजित कर यह खिताब जीता। वहीं दो नम्बर बोर्ड पर परी सिन्हा एवं नेहा सिंह की अनिर्णीत बाजी ने परी को उपविजेता का खिताब दिलवाया। प्रतियोगिता में अपराजित , सबजूनियर आयुवर्ग की परी सिन्हा ने अपने शानदार प्रदर्शन से  पहली बार बिहार महिला टीम में अपना  स्थान बनाया है। गत वर्ष की विजेता नेहा सिंह इस बार तीसरे स्थान पर रही जबकि गत वर्ष तीसरे स्थान पर रही अदीबा उल्लाह इस बार भी चौथे स्थान पर आकर टीम में अपना स्थान बनाने में सफल रही।

अंतिम चक्र की समाप्ति के उपरांत सम्पन्न हुए पुरस्कार वितरण समारोह मे मुख्य अतिथि एम रामचंद्रडू, निदेशक, जनगणना एवं सांख्यिकी ने विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने  राज्य शतरंज विजेता को हर वर्ष दी जाने वाली पी एन शर्मा स्मृति रनिंग ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर अजित कुमार सिंह  ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न एवं शतरंज बोर्ड देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव सह प्रतियोगिता के मुख्य निर्णयक नंदकिशोर ने की जबकि धन्यवाद ज्ञापन अखिल बिहार शतरंज संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव इक़बाल आलम, प्रतियोगिता के संयोजक वेदप्रकाश, सह निर्णायक आलोक प्रियदर्शी एवं प्रियंका कुमारी ,बिपिन कुमार एवं राजेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। 

प्रतियोगिता मे प्रथम दस स्थानों पर आनेवाले खिलाड़ियों की विस्तृत सूची इस प्रकार हैँ :

1.मारियम फातिमा -मुजफ्फरपुर-6.5 अंक

2.परी सिन्हा-गया-5.5 अंक

3.नेहा सिंह-पटना-5.5 अंक

4.अदीबा उल्लाह-पटना-5.5 अंक

5.मिन्की सिन्हा-पटना-5 अंक

6.आद्या श्री – मुजफ्फरपुर-5 अंक

7.अर्पिता सिंह – भोजपुर-5 अंक

8.कृतिका रंजन – पटना-5 अंक

9.अंकिता राज-पटना-5 अंक

10.किरुबा वत्स – पटना-5 अंक

अखिल बिहार शतरंज संघ