भागलपुर जिला शतरंज संघ के संस्थापक सचिव जियाउद्दीन अहमद नही रहे।

भागलपुर जिला शतरंज संघ के संस्थापक सचिव एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव जियाउद्दीन अहमद नही रहे।

इस बात की सूचना भागलपुर जिला शतरंज संघ के सचिव अजय कुमार मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि उनका निधन करीब दस दिन पहले ही हो गया लेकिन इसकी सूचना उन्हें आज ही मिली। विगत कुछ समय से जियाउद्दीन अहमद अपने पुत्र के साथ दिल्ली में ही रह रहे थे और वहीं उनका निधन हो गया।

ज्ञात हो कि एक लंबे समय तक शतरंज को अपनी सेवाएं देनेवाले “जिया साहब” स्वयं एक अच्छे खिलाड़ी रहे थे। भागलपुर जिला शतरंज संघ के सचिव के रूप में उन्होंने जिले में कई राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया था। साथ ही जिले से कई खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी हेतु सक्रिय सहयोग किया था।

जिया साहब पिछले कुछ अरसे से अस्वस्थ चल रहे थे और स्वास्थ्य के मद्देनजर ही वह दिल्ली प्रवास कर रहे थे। उनका निधन प्रदेश शतरंज के लिये एक अपूरणीय क्षति है। भागलपुर जिले में शतरंज के प्रचार-प्रसार एवं विकास में उनका योगदान सदैव याद रख जाएगा।

उनके इस असामयिक निधन पर अखिल बिहार शतरंज संघ गहरा शोक प्रकट करता है एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना रखता है।

विनम्र श्रद्धांजलि 🙏🙏